नवरात्र के आठवें दिन भक्तों ने की मां गौरी की आराधना
नवरात्र के आठवें दिन भक्तों ने की मां गौरी की आराधना मां कालिका

नवरात्र के आठवें दिन भक्तों ने की मां गौरी की आराधना
मां कालिका धाम में लोगों ने किया हवन, जगह-जगह हुए कन्या भोज के आयोजन
अमेठी। संवाददाता
शारदीय नवरात्र के आठवें दिन भक्तों ने मां गौरी की आराधना किया। विधि विधान ने मां की पूजा कर सुख शांति की कामना किया। काफी संख्या में भक्तों ने हवन कर मां को प्रसन्न करने का प्रयास किया। वहीं जगह-जगह कन्या भोज के आयोजन किए गए।
रविवार को नवरात्र के आठवें दिन जिले के सभी देवी मंदिरों व देवी धामों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी। लोगों ने फूल, फल, नारियल व प्रसाद चढ़ाकर मां गौरी की पूजा की। मां कालिकन धाम में मां कालिका के दर्शन के लिए हजारों की भीड़ हुई। मां कालिका का श्रृंगार पान के पत्ते तथा गुलाब के फूलों से किया गया। सैकड़ों भक्तों ने दर्शन के बाद हवन किया। काली माई धाम, देवीपाटन धाम, दुर्गेश्वरी आश्रम जैरामपुर में भक्तगण महागौरी की पूजा करने के बाद वैदिक मंत्रों से हवन किया। गौरीगंज के दुर्गन भवानी धाम, बूढ़न माता धाम व माता मवई धाम, शाहगढ़ के समसेरिया भवानी धाम, दादरा के हींगलाज धाम पर भक्तों ने लाइन लगाकर मां का दर्शन पूजन किया।
भाजपा नेता ने किया फल वितरण
रविवार को मां कालिका धाम में भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू ने आरती के बाद फल वितरण किया। उन्होंने कहा कि मां की कृपा से अमेठी वासी सकुशल व निरोग रहें। इसके लिए वे मां की पूजा अर्चना के साथ फल वितरण कर रहे हैं। वहीं शनिवार की शाम जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मां कालिका धाम में भक्तों को फल का वितरण किया था। जिसकी शुरुआत सांसद स्मृति ईरानी ने किया था। स्मृति ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मां कालिका धाम शक्तिपीठ के उत्तर में अयोध्या तथा पूर्व में भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी है। उसके बीच में मां लोगों को आशीर्वाद दे रही हैं।
हवनपूजन व कन्या भोज की रही धूम
मुसाफिरखाना।
शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर दादरा के हींगलाज धाम पर इलाहाबाद बैंक के मैनेजर संजय सिंह द्वारा विशाल कन्या भोज का आयोजन किया गया। गांवों में भी लोगों ने कन्या भोज का आयोजन किया। अष्टमी पर देवी मन्दिरों में रोज की अपेक्षा अधिक भीड़ उमड़ी। शमेरियन के दुर्गन भवानी धाम पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। दोपहर तक मंदिर में देवी मां के दर्शन के लिए महिलाओं और पुरुषों की कतार लगी रही। मंदिर परिसर में जहां मेले जैसा नजारा दिखा वहीं माता के जयकारों और घंटों की आवाज से वातावरण गुंजायमान रहा।
