
पंचायत सचिव न होने से ठप विकास कार्य
Gauriganj News - शुकुल बाजार के महोना पूरब क्लस्टर की तीन ग्राम पंचायतों में पिछले एक माह से पंचायत सचिव न होने के कारण विकास कार्य रुके हुए हैं। ग्रामीण जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए परेशान हैं। ग्राम प्रधानों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन सचिव की नियुक्ति अभी तक नहीं हुई है।
शुकुल बाजार। संवाददाता ब्लॉक क्षेत्र के महोना पूरब क्लस्टर की तीन ग्राम पंचायत आशीषपुर, महोना पूरब और सरैया पीरजादा के करीब दो दर्जन गांवों में पिछले एक माह से पंचायत सचिव न होने के कारण विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी बुनियादी सेवाओं के अभाव में ग्रामीण परेशान हैं, तो वहीं ग्राम प्रधानों के सामने गांवों का विकास कार्य कराने की समस्या उत्पन्न हो रही है। प्रधानों का कहना है कि कई बार इसको लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी ग्राम पंचायत सचिव की तैनाती गांवों में नहीं की गई है। महोना पूरब ग्राम प्रधान कमाल अब्बास ने बताया कि करीब एक माह से पंचायत सचिव नहीं हैं।
विकास कार्य रुके हैं और प्रमाणपत्र बनवाने के लिए हमें बार-बार ब्लॉक जाना पड़ता है। शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।बताया जाता है कि पहले इन पंचायतों की देखरेख सचिव वंदना वर्मा कर रही थीं, लेकिन उनके मेडिकल अवकाश पर जाने के बाद से पंचायतें बिना सचिव के चल रही हैं। इससे न केवल प्रमाणपत्र बनाने में दिक्कतें आ रही हैं, बल्कि नाली, शौचालय और चबूतरा निर्माण जैसे विकास कार्य भी रुके हैं। दुकानदारों का भुगतान भी रुका हुआ है। इस मामले में एडीओ पंचायत अशोक कुमार ने बताया कि महोना पूरब क्लस्टर की तीन पंचायतों में सचिव को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही स्थायी तैनाती कर दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




