एक करोड़ चार लाख की लागत से बनेगा उपवन
गौरीगंज। संवाददाता नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में हरियाली बढ़ाने और नागरिकों को

गौरीगंज। संवाददाता नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में हरियाली बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 21 तहसील एरिया में करीब एक करोड़ चार लाख रुपये की लागत से उपवन विकसित किया जाएगा। जामो रोड किनारे स्थित इस भूमि पर अब तक अस्थाई गोशाला संचालित की जा रही थी। लेकिन अब यहां मियावकी वन तकनीक पर आधारित हरित क्षेत्र और आधुनिक पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना के तहत पौधरोपण
परियोजना के तहत बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जाएगा। मियावकी तकनीक के माध्यम से कम स्थान में तेजी से घना वन विकसित किया जाता है। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधों को एक साथ रोपित किया जाता है। जिससे कुछ ही वर्षों में घना हरित क्षेत्र तैयार हो जाता है। इससे प्रदूषण नियंत्रण, तापमान संतुलन और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। परियोजना में नागरिकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पार्क में लोगों के बैठने, टहलने और बच्चों के खेलने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा आकर्षक पथवे, हरियाली और सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। ताकि लोगों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके।
क्या है मियावकी वन
मियावकी वन एक विशेष जापानी तकनीक है। जिसे वनस्पति वैज्ञानिक अकीरा मियावकी ने विकसित किया था। इस पद्धति में कम जगह पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों को घनत्व के साथ लगाया जाता है। पौधे तेजी से बढ़ते हैं और सामान्य पौधरोपण की तुलना में कम समय में घना जंगल तैयार हो जाता है। मियावकी वन पर्यावरण संरक्षण, ऑक्सीजन बढ़ाने, धूल और प्रदूषण कम करने में प्रभावी माना जाता है।
जल्द शुरू होगा काम
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि परियोजना के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह ने कहा कि नगर को हर कोने से संवारा और सजाया जा रहा है। शहर में विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


