छह पीएम श्री स्कूलों में बनेंगे खेल के मैदान
Gauriganj News - आधुनिक खेल सुविधाओं का होगा विकास अमेठी। संवाददाता जिले में पीएम श्री योजना के अंतर्गत
आधुनिक खेल सुविधाओं का होगा विकास अमेठी। संवाददाता जिले में पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित छह विद्यालयों में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान का निर्माण कराया जाएगा। इन विद्यालयों में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सकेगा। खेल मैदान निर्माण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में जामों विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय दखिनवारा, बहादुरपुर के कंपोजिट विद्यालय बघैया महमूदपुर, भेटुआ विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय घटकौर तथा मुसाफिरखाना विकासखंड के उत्तरपाटी स्थित पीएम श्री विद्यालय में खेल मैदान बनाए जाएंगे।
इन विद्यालयों में खेल मैदान निर्माण पर 2 लाख 65 हजार रुपए की लागत आएगी। वहीं दूसरे चरण में जामों विकासखंड के बरौलिया और भादर विकासखंड के सवनगी स्थित पीएम श्री विद्यालयों में खेल मैदान का निर्माण कराया जाएगा। इन दोनों विद्यालयों में 3 लाख 70 हजार की लागत से बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए खेल से संबंधित आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे नियमित अभ्यास कर सकें। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि पीएम श्री स्कूलों में खेल मैदान निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




