Gauriganj News: 30 लाख की लागत से बनेगा डीलक्स सार्वजनिक शौचालय
Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता नगर पंचायत अमेठी कस्बे में लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय

Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता नगर पंचायत अमेठी कस्बे में लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए कोतवाली तिराहा पर स्थित पुराने जर्जर शौचालय को जेसीबी मशीन से गिरा दिया गया है। उसी स्थान पर नया डीलक्स शौचालय बनाया जाएगा।कस्बे में बस स्टेशन, नई सब्जी मंडी और कोतवाली तिराहा पर वर्षों पहले सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया था, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। उनकी हालत इतनी खराब है कि लोग उनका उपयोग करने से कतराते हैं। इसी को देखते हुए नगर पंचायत ने आधुनिक शौचालय बनाने की योजना तैयार की है। नगर पंचायत अधिकारियों के अनुसार कोतवाली तिराहा पर बनने वाले नए शौचालय पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी।
यह शौचालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें महिला, पुरुष और वृद्धजनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। साथ ही स्नानागार की भी सुविधा रहेगी। शौचालय में पानी, बिजली, साफ-सफाई और देखरेख की पूरी व्यवस्था नगर पंचायत द्वारा की जाएगी। अमेठी बाजार में प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और अन्य कार्यों से आते हैं। सार्वजनिक शौचालय न होने से सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली महिलाओं को उठानी पड़ती है। नए शौचालय के बन जाने से बाजार आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नगर पंचायत अधिकारी ने बताया कि शौचालय को आधुनिक मॉडल पर बनाया जाएगा और कोशिश होगी कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए।


