अमेठी में दीवानी न्यायालय के निर्माण का रास्ता साफ

Jan 03, 2026 05:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंज
share

Gauriganj News - अमेठी में दीवानी न्यायालय का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए 220 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत में से 55 करोड़ की पहली किश्त जारी की गई है। दीवानी न्यायालय के बनने से वादकारियों को पड़ोसी जनपदों में जाने से राहत मिलेगी। निर्माण कार्य जून 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

अमेठी में दीवानी न्यायालय के निर्माण का रास्ता साफ

अमेठी। संवाददाता जिले के निर्माण के 15 साल बाद दीवानी न्यायालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए अनुमानित लागत 220 करोड़ रुपए के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 55 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं। जिसके बाद कार्यदायी संस्था निर्माण खंड पीडब्लूडी अयोध्या द्वारा काम शुरू करा दिया गया है। जून 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण होने की बात कही जा रही है। दीवानी न्यायालय के निर्माण के बाद जिले के वादकारियों को पड़ोसी जनपदों सुलतानपुर व रायबरेली के चक्कर लगाने से छुटकारा मिल सकेगा। जिला मुख्यालय गौरीगंज में दीवानी न्यायालय के निर्माण की मांग लंबे समय से अधिवक्ताओं व जनपद वासियों की तरफ से की जा रही थी।

इसके लिए प्रशासन ने गौरीगंज के जामो रोड पर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बगल लगभग 60 एकड़ जमीन चिन्हित कर बाउंड्रीवाल व गेट बनवा दिया था। दीवानी न्यायालय की बिल्डिंग के निर्माण के लिए बजट का इंतजार किया जा रहा था। कार्यालय जिला जज/विशेष कार्याधिकारी अमेठी द्वारा जारी सूचना के अनुसार उच्च न्यायालय इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश शासन व ज़िला जज देवरिया के पद से स्थानान्तरित होकर हाल ही में आए जिला जज राम मिलन सिंह द्वारा जनपद अमेठी में न्यायालय निर्माण हेतु किये जा रहे सयुंक्त प्रयासों के क्रम में प्रमुख सचिव न्याय द्वारा बीते 26 दिसम्बर को एकीकृत न्यायालय निर्माण हेतु कुल अनुमानित खर्च लगभग 220 करोड़ के सापेक्ष 55 करोड़ रुपए की पहली किश्त कार्यदायी संस्था को जारी कर दी गई है। निर्माण खंड पीडब्लूडी अयोध्या के एई आंनद कुमार शर्मा ने बताया कि पहली किश्त के 55 करोड़ रुपए मिल गए हैं। निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। दीवानी न्यायालय भवन का निर्माण वर्ष 2027 के लगभग मध्य तक पूरा होने की संभावना है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।