
अमेठी-स्कूलों के विलय के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
Gauriganj News - अमेठी में कांग्रेस पार्टी ने योगी सरकार द्वारा 5000 प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों के विलय के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि यह निर्णय छात्रों और बेरोजगारों के हितों के खिलाफ...
अमेठी। सरकार द्वारा प्रदेश के 5000 प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों के विलय के निर्णय के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर अमेठी में जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने कार्यालय से गौरीगंज बाजार में एक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि योगी सरकार का यह निर्णय छात्रों, युवाओं और बेरोज़गारों के हितों के पूरी तरह खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार युवाओं और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

स्कूलों के विलय से दूर-दराज के गांवों के बच्चों को शिक्षा पाने के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें और उनके अभिभावकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से मिड-डे मील योजना के तहत कार्यरत रसोइयों की नौकरियां भी खतरे में पड़ जाएंगी और बीएड व बीटीसी डिग्रीधारी युवाओं के लिए शिक्षक बनने के अवसर सीमित हो जाएंगे। यह कदम पूरी तरह छात्र, युवा और बेरोजगार विरोधी है। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह युवाओं, छात्रों और बेरोज़गारों के हितों के लिए सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन में शत्रुघ्नन सिंह, अनिल सिंह (प्रवक्ता), फिरोज आलम (मीडिया प्रभारी), रामबरन कश्यप, विजय पासी, अरविंद चतुर्वेदी, शुभम सिंह, मतीन खान, सर्वेश सिंह, सुनील सिंह, राजीव सिंह, राधेश्याम धोबी, राम लखन शुक्ला, सबीना, मनीषा, किरण देवी, कलावती मौर्या, ओम प्रकाश दुबे, राहुल गुप्ता, विकास यादव, अवनीश मिश्रा, वासिक खान सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। विलय की सूची पर उठ रहे सवाल सबसे ज्यादा स्कूलों का विलय गौरीगंज ब्लॉक में ही किया गया है। यहां सूची पर सवाल उठ रहे हैं। कई ऐसे स्कूलों को मर्ज किया गया है जहां बच्चों को हाईवे पार करना होगा। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि अगर कहीं गड़बड़ी हुई है तो उसे सुधारा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




