अमेठी-आजीवन कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे योगेंद्र मिश्र

Mar 02, 2026 06:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंज
share Share
Follow Us on

Gauriganj News - अमेठी के कांग्रेस नेता योगेंद्र मिश्र का रविवार को निधन हो गया। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे गुलाल बस्तीदेई में किया गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। उन्होंने राजनीति की शुरुआत राजीव गांधी के अंतिम चुनाव में की थी और कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे। राहुल गांधी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

अमेठी-आजीवन कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे योगेंद्र मिश्र

अमेठी। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और जिले के कद्दावर नेता योगेंद्र मिश्र का रविवार को निधन हो गया था। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव पूरे गुलाल बस्तीदेई में किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। योगेंद्र मिश्र ने राजनीति की शुरुआत स्व.राजीव गांधी के अंतिम चुनाव के दौरान की थी। छात्र राजनीति से निकलकर वे यूथ कांग्रेस के ब्लाक महासचिव बने। अपनी मेहनत और ईमानदारी के चलते उनकी गिनती गांधी-नेहरू खानदान के करीबी नेताओं में होने लगी। उन्हें अविभाजित जिले सुलतानपुर में यूथ कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद अमेठी जिला बनने पर वे जिलाध्यक्ष बने।

लगभग 10 साल तक वे पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे। 2019 में राहुल गांधी की हार के बाद उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में अस्वस्थ होने के बावजूद न सिर्फ वे किशोरीलाल शर्मा के प्रस्तावक रहे बल्कि उनके चुनाव मैनेजमेंट में बड़ी भूमिका निभाई। उन्हें यूपीए सरकार के दौरान पटसन बोर्ड का सलाहकार भी बनाया गया था। शुगर की बीमारी के चलते पिछले काफी समय से वे डायलिसिस पर चल रहे थे। सोमवार को उनके दाह संस्कार के समय कांग्रेस सेवादल ने सलामी दी और कांग्रेस के झंडे में लिपटे उनके शव को हजारों लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान विधायक, पूर्व विधायक, जिले व पड़ोस के जनपदों के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी ने की परिजनों से बात योगेन्द्र मिश्र के निधन पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने गहरे दुख का इजहार किया है। सोमवार को उन्होंने स्व. मिश्र के परिजनों से फोन पर बात कर शोक जताया और कहा कि दुख की घडी में वह और कांग्रेस पार्टी परिजनों के साथ खड़ी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।