मकानों की गणना में नेटवर्क की बाधा
Gauriganj News - अमेठी। जिले में चल रही मकान गणना के दौरान प्रगणकों को तकनीकी और व्यवहारिक

अमेठी। जिले में चल रही मकान गणना के दौरान प्रगणकों को तकनीकी और व्यवहारिक दोनों तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क और ऐप की तकनीकी दिक्कतों के कारण कई प्रगणक पहले कागज पर जानकारी दर्ज कर रहे हैं और बाद में उसे ऑनलाइन अपलोड कर रहे हैं।
प्रगणकों की चुनौतियाँ
प्रगणकों के अनुसार मकान मालिकों से आवश्यक विवरण एक निर्धारित प्रारूप पर एकत्र किया जा रहा है। इसके बाद नेटवर्क उपलब्ध होने पर जानकारी को जनगणना ऐप में दर्ज किया जाता है। कई बार डेटा भरने के दौरान कॉल आने या नेटवर्क बाधित होने से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी डेटा सिंकिंग में आ रही है, जहां ऐप कई बार एरर दिखाने लगता है। जिले में अब तक करीब सात प्रतिशत मकानों की गणना पूरी हो चुकी है।
गांव में सहयोग, शहर में बंद मिल रहे दरवाजे
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगणकों को लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। कई स्थानों पर ग्रामीण पानी और चाय आदि की व्यवस्था भी कर रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में स्थिति अलग है। सुबह अधिकांश लोग नौकरी या कारोबार के लिए घर से निकल जाते हैं, जबकि दोपहर में कई बार घरों के दरवाजे नहीं खुलते। इससे गणना कार्य में अतिरिक्त समय लग रहा है।
गणना के दौरान कुत्ते के हमले में प्रगणक घायल
जनगणना कार्य के दौरान कुछ अप्रिय घटनाएं भी सामने आई हैं। एचएलबी-0159 क्षेत्र में कार्यरत प्रगणक राजमणि यादव, सहायक अध्यापक कंपोजिट विद्यालय अगहर, को एक कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। उनका उपचार कराया गया। इसके अलावा एक अन्य शिक्षिका भी गणना कार्य के दौरान चोटिल हो गईं।
कोट
ग्रामीण क्षेत्रों में कभी-कभी नेटवर्क की समस्या आती है। एक ही ऐप पर बड़े स्तर पर कार्य होने के कारण थोड़ा तकनीकी दबाव है, लेकिन जनगणना का काम सुचारु रूप से चल रहा है। निर्धारित समय में गणना पूरी कर ली जाएगी।
ज्योति सिंह
एडीएम
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


