Gauriganj News: जन्माष्टमी पर हर तरफ गूंजा जय कन्हैया लाल की
Gauriganj News: अमेठी में शुक्रवार को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। गांवों और कस्बों में भव्य झांकियां सजाई गईं और भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस विभाग ने भी इसे भव्य रूप से मनाया, जिसमें जागरण और महाआरती का आयोजन शामिल था।

Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता योग योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को जिले भर में श्रद्धा और भक्तिभाव से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांवों और कस्बों में आकर्षक झांकियां सजाई गई और भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। सभी थानों और पुलिस लाइन में भी झांकियां सजाकर भंडारों का आयोजन किया गया।अमेठी कस्बे में स्थित हनुमानगढ़ी, देवी पाटन धाम और टीकरमाफी आश्रम में जन्माष्टमी को लेकर भव्य सजावट की गई। सुबह से ही भगवान कृष्ण के भजन कीर्तन लाउडस्पीकरों पर बजने लगे। सभी कस्बों में बाल कृष्ण की झांकियां सजाई गई। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस विभाग द्वारा जन्माष्टमी का पर्व भव्य रूप से मनाया गया।
सभी थानों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था। गौरीगंज, मुंशीगंज, संग्रामपुर, पीपरपुर, अमेठी, जामो, मुसाफिरखाना, शुकुल बाजार सहित थानों के मंदिरों पर झांकियां सजाई गई थी। शाम को प्रसाद वितरण का आयोजन भी हुआ। वहीं पुलिस लाइन गौरीगंज में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जागरण कार्यक्रम हुआ। जिसका शुभारंभ एसपी सरवणन टी ने पूजा अर्चना कर किया। कार्यक्रम में श्री कृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक के दृश्यों का सुंदर मंचन किया गया। मध्यरात्रि में श्री कृष्ण के जन्म होने पर पुलिस परिवार द्वारा भव्य महाआरती की गई। पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा श्री राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुतियां दीं गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डीएम संजय चौहान, एसपी व एएसपी द्वारा उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। गांवों और कस्बों में देर रात तक महिलाएं सोहर गाती रहीं।


