अमेठी-टीकरमाफी आश्रम में बटुकों का हुआ जनेऊ संस्कार
Gauriganj News - अमेठी में श्रीमद परमहंस आश्रम टीकरमाफी पर ब्रह्मनिष्ठ परमहंस महाराज की 80वीं पुण्यतिथि हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें 51 बटुकों ने यज्ञोपवीत धारण किया। समारोह में भक्तों ने स्वामी परमहंस महाराज की समाधि का दर्शन किया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई।

अमेठी। श्रीमद परमहंस आश्रम टीकरमाफी की तपोभूमि पर ब्रह्मनिष्ठ परमहंस महाराज की 80वीं पुण्यतिथि हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम की प्राचीन परंपरा को जीवंत रखते हुए सामूहिक उपनयन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दूर-दराज से आए 51 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञोपवीत धारण किया। शनिवार को वैदिक रीति-रिवाज के साथ आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम के पीठाधीश्वर हरि चैतन्य ब्रह्मचारी महराज की उपस्थिति में हुआ। श्रीमद् परमहंस संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए बटुकों का जनेऊ संस्कार आश्रम के विद्वान आचार्यों की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अनुष्ठान को डॉ. स्वामी प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. जयदेव त्रिपाठी तथा डॉ. धर्मेंद्र देव मिश्र ने पूर्ण कराया।
वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चार से संपूर्ण आश्रम परिसर भक्तिमय हो गया। आश्रम के सचिव हर्ष चैतन्य ब्रह्मचारी महराज ने बताया कि परमहंस महाराज की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एक मार्च को विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में आए भक्तों ने स्वामी परमहंस महाराज की समाधि एवं आश्रम स्थित विभिन्न देवालयों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



