
आंगनबाड़ी कर्मियों ने ब्लॉक में दिया धरना
Gauriganj News - अमेठी में आंगनबाड़ी कर्मचारियों और सहायिकाओं ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी लंबित मांगों के लिए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष ने बताया कि पहले भी मांग-पत्र सौंपा गया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मानदेय में वृद्धि और सुविधाओं का सुधार शामिल है।
अमेठी। आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन के आह्वान पर गुरुवार को कर्मियों द्वारा गौरीगंज ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष भानमती सरोज ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार व संबंधित विभाग का ध्यान लगातार आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं की मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि इन्हीं के कंधों पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 5 अक्टूबर 2025 को लखनऊ में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान भी मांग-पत्र सौंपा गया था, लेकिन उस पर भी अभी तक न तो कोई प्रतिक्रिया मिली और न ही कोई जवाब आया। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में गहरी निराशा व्याप्त है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मानदेय में वृद्धि, कार्य के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना, उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन की व्यवस्था तथा अन्य लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में मौजूदा मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं मौजूद रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




