फंदे से लटकी मिली विवाहिता के मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज
अमेठी के धनेसा पाठक गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है, जिसमें पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप है। मृतका दो माह की गर्भवती थी और उसके पति द्वारा गर्भ गिराने का दबाव बनाया जा रहा था।

शुकुल बाजार, अमेठी, संवाददाता। अमेठी के धनेसा पाठक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। लखनऊ के मानक नगर क्षेत्र निवासी कृष्ण पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री प्रेरणा पाल का विवाह 13 जुलाई 2024 को धनेसा पाठक गांव निवासी मनोज पाल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे।
विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।तहरीर में कहा गया है कि तीन जून को प्रेरणा को उसकी बीमार सास की देखभाल के लिए ससुराल बुलाया गया था। पांच जून की सुबह परिजनों को फोन कर बताया गया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री दो माह की गर्भवती थी और उसके पति द्वारा गर्भ गिराने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, देवर, ननद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


