लूट के 68 बकरे-भेड़ व 2.04 लाख के साथ तीन गिरफ्तार,दो तमंचा व कारतूस, पिकअप तथा लूट में प्रयुक्त कार बरामद
अमेठी पुलिस ने सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में बकरों से लदी पिकअप लूटने वाले अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई पिकअप, 68 बकरों, 2.04 लाख रुपए, और अन्य सामान बरामद किया। लुटेरों के एक साथी की पहचान हो गई है, लेकिन वह फरार है। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अमेठी। संवाददाता। सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में बकरों से लदी पिकअप लूट करने वाले अंतर्जनपदीय अभियुक्तों को अमेठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लूटी गई पिकअप सहित 68 बकरे व भेंड़, लूट में प्रयुक्त कार, दो तमंचा कारतूस व व्यापारियों से लूटे गए 2.04 लाख रुपए व दो मोबाइल बरामद किए हैं। वहीं लुटेरों का एक साथी फरार हो गया। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का 25 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस कार्यालय गौरीगंज में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सरवणन टी ने बताया कि आपरेशन चक्रव्यूह के तहत एसएचओ मुसाफिरखाना विवेक सिंह व एसएचओ भाले सुल्तान अजयेन्द्र पटेल को मुखबिरों से सूचना मिली कि बीते मंगलवार की रात सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में बकरी व्यापारियों के साथ लूट की घटना करने वाले बदमाश बिना नंबर की कार व बकरियों से लदी हुई पिकअप से ग्राम मठाभुसुण्डा जंगल की ओर से लखनऊ-सुलतानपुर हाइवे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस की दो टीम बनाकर चेकिंग की जाने लगी। तभी दोनों गाड़ियां आती हुई दिखायी दी। जिनकी नाकाबन्दी कर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। लेकिन इस दौरान पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। वहीं पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को धर दबोचा। जिनकी पहचान आशीष गोस्वामी, करन सिंह व संजय सिंह निवासी थाना कोठी जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। तीनों की तलाशी में कुल दो लाख चार हजार रुपए, दो मोबाइल व दो तमंचा कारतूस बरामद हुए। वहीं पिकअप से कुल 66 बकरे व 2 भेड़ें बरामद हुई।
रात में करते हैं लूट की घटना
एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन लोगों का एक गैंग है जो रात में कार से निकलते हैं और लोडर व पिकअप वाहनों की रेकी करते हैं। सुनसान में गाड़ियों को रोककर अवैध असलहों से डरा-धमकाकर वाहन सवार लोगों के पास रखी नगदी, जानवर, वाहन व मोबाइल आदि लूट लेते हैं। लोडर के ड्राइवर व खलासी को अपने साथ अपहरण कर ले जाकर सूनसान जगह पर मारपीट कर छोड़ देते हैं। मौके से फरार व्यक्ति भी उनके गैंग का सदस्य हैं। जिसका नाम विजय यादव निवासी डफरापुर थाना कोठी जनपद बाराबंकी है। एसपी ने बताया कि बकरा लूट का मुकदमा चांदा थाने पर दर्ज है। वहीं घटना के खुलासे में विशेष योगदान देने वाले दो सिपाहियों सौरभ वर्मा व सुनील यादव को एसपी ने प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


