
अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किए गए डिप्टी सीवीओ
Gauriganj News - अमेठी के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिव ओम गंगवार को पशुपालन विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण निलंबित कर दिया गया है। उनकी गतिविधियों की जांच में पाया गया कि उन्होंने धनराशि का अवैध वसूली का प्रयास किया और शासन की छवि को धूमिल करने की कोशिश की।
अमेठी। पशुपालन विभाग में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में मुखर होकर सामने आए उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (डिप्टी सीवीओ) डॉ. शिव ओम गंगवार को शासन ने निलंबित कर दिया है। शासन ने उनके कृत्यों को गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए यह कार्रवाई की है। बीते नवंबर के अंतिम सप्ताह में पशुपालन विभाग से जुड़े कुछ ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिनमें कथित रूप से पैसों के लेन-देन की बात सामने आई थी। इस प्रकरण में डॉ. शिव ओम गंगवार ने तत्कालीन मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल कृष्ण शुक्ल पर गंभीर आरोप लगाए थे और भ्रष्टाचार के विभिन्न मुद्दों को लेकर शासन से पत्राचार करने की बात कही थी।
इसके बाद जिले के अधिकारियों द्वारा डॉ. गंगवार के क्रियाकलापों से संबंधित पत्र शासन को भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर से तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था। जांच रिपोर्ट में समिति ने पाया कि जनपद के पशु चिकित्सा अधिकारियों की आपसी सहमति से डिनर पार्टी के लिए स्वैच्छिक रूप से एकत्र की गई सहयोग राशि को डॉ. गंगवार ने कथित रूप से कूटरचित तरीके से तोड़-मरोड़ कर अवैध वसूली का रूप देने का प्रयास किया। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रचारित-प्रसारित कर शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डॉ. शिव ओम गंगवार को निलंबित कर दिया। डा. गंगवार पर विभागीय कार्यों और दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने और उच्चाधिकारियों के विरुद्ध अनावश्यक शिकायतें करने का भी आरोप है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




