
अमेठी-जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
संक्षेप: Gauriganj News - अमेठी में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने ध्वजारोहण किया। डीएम और एसपी ने भी तिरंगा फहराया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित...
अमेठी, संवाददाता। शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने जहां जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में ध्वजारोहरण किया। वहीं डीएम संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट व एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन में तिरंगा फहराया। अन्य अधिकारियों ने अपने विभागीय कार्यालयों पर राष्ट्रध्वज फहराया। उल्लास के पर्व पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। वहीं छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने तिरंगा फहराया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं पुलिस विभाग द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके बाद विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर लगाई गई पोस्टर/अभिलेख एवं पुस्तक प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। राज्यमंत्री ने डीएम, एसपी व सीडीओ के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्तिपरक गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के द्वारा आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों अशोक कुमार द्विवेदी, राजेश सिंह, परमानंद मिश्रा, संजय सिंह, इंद्रदत्त उपाध्याय, मथुरा प्रसाद, श्यामसुंदर गुप्ता, चंद्रभान यादव, रामसागर शुक्ला व देवराज सिंह को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। लोगों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन आजादी दिलाने में शहीद हुए लोगों को नमन करने का दिन है, उन्हें याद करने का दिन है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, एडीएम न्यायिक अनिल चतुर्वेदी, एएसपी शैलेंद्र सिंह, डीडीओ वीरभानु सिंह, सीएमओ डा. अंशुमान सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सात्विक श्रीवास्तव व रितेश राज, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी, जिला पर्यटन अधिकारी पारिजात पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित पुलिस लाइन में तिरंगा फहराकर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा पूर्वक अपने दायित्वों व कर्तव्यों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सराहनीय कार्य कर अमेठी पुलिस का सम्मान बढ़ाने वाले हेड कांस्टेबल रमेश कुमार पाण्डेय व राजेश कुमार मौर्य को डीजीपी द्वारा प्रदत्त उत्कृष्ट सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार मिश्र को डीजीपी का प्रशंसा चिन्ह रजत प्रदान किया। इसके साथ ही यूपी 112 में बेहतर रिस्पांस टाइम हेतु कांस्टेबल मिथलेश सिंह कुशवाहा, देवेन्द्र यादव, राहुल प्रजापति, होमगार्ड चालक कुलदीप सिंह व ललित कुमार सिंह को प्रशस्त्रि पत्र प्रदान किया। कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार व चालक कृष्ण कुमार यादव को भी सराहनीय कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र दिया गया। सैनिक स्कूल ने मनाया स्वतंत्रता दिवस सैनिक स्कूल अमेठी में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन अत्यंत गर्व और उत्साह के साथ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल सतीवीर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और छात्रों से अनुशासन, निष्ठा एवं देश सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। क्रॉसकंट्री रेस और तिरंगा प्रभात फेरी का हुआ आयोजन डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम अमेठी में स्वतंत्रता दिवस पर 5 किलोमीटर क्रॉसकंट्री रेस का आयोजन किया गया। जिसमें 71 पुरुष और 53 महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रेस को प्रारंभ कराया। तिरंगा प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को पूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स खिलाड़ी संजय पाल ने पुरस्कार प्रदान किए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही आयोजनों की धूम शुकुल बाजार संवाद के अनुसार खण्ड विकास कार्यालय पर बीडीओ अंजली सरोज ने राष्ट्रध्वज फहराया। थाना मुख्यालय पर थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने ध्वजारोहण किया। कस्बे में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्र शुक्ला, विद्यालय के संस्थापक जगदीश्वर बाजपेई व प्रबंधक दिनेश कुमार कौशल ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। बच्चों ने लोक नृत्य व नाटक प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। कमरौली संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र में स्थित एमिटी इण्टरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्या पूर्णिमा घोषाल द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। राष्ट्रगान के बाद प्रभातफेरी निकाली गई। गौरीगंज के एसपीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में प्रबंधक जीपी सिंह ने तिरंगा फहराया तथा छात्रों ने देश की आजादी के बारे में जानकारी दी। अमेठी में तहसील परिसर में एसडीएम आशीष कुमार सिंह, व्यापार मंडल कार्यालय पर जिलाअध्यक्ष महेश सोनी, ब्लॉक संसाधन केंद्र पर एबीएसए पूजा देवी, सीएचसी में अधीक्षक डॉक्टर आलोक तिवारी ने झंडारोहण किया। ब्लॉक प्रमुख व एडीओ पंचायत ने ब्लाक परिसर में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। नुवांवा नरैनी में शहीद स्मारक पर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। ब्राह्मण स्वाभिमान एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रभाकर उपाध्याय ने मिश्रौली में कार्यालय पर झंडारोहण कर मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। सेपियन तथा एसएन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




