समितियों से यूरिया नदारद, निजी दुकानदार काट रहे जेब
Gangapar News - कोरांव, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील क्षेत्र में इस समय गेहूं की पैरा फसल की बहार है।
तहसील क्षेत्र में इस समय गेहूं की पैरा फसल की बहार है। अब जब सिंचाई के बाद गेहूं के पौधों को उर्वरक की सबसे ज्यादा जरूरत है, समितियों में खाद नदारद देखी जा रही है। खाद की आवक नही होने के कारण सचिव समितियों में ताला लगाकर गायब है। साधन सहकारी समिति कोरांव में भी यही नजारा देखने को मिला, जहां सचिव गायब थे और समिति पर ताला बंद था। वहां खाद लेने पहुंचे मदन सिंह, तारा देवी, पारस कुशवाहा, दीनानाथ पाण्डेय, लालाबाबू आदि ने बताया कि लगता है समिति में खाद नहीं है, इसीलिए ताला बंद है। वहीं कोरांव स्थित एग्रो समिति तो खुली मिली, लेकिन वहां भी खाद नहीं थी।

पूछने पर वहां मौजूद कर्मचारी ने बताया कि सोमवार तक खाद आने की पूरी संभावना है। समितियों पर खाद की अनुपलब्धता के चलते नगर के प्राइवेट दुकानदार खाद का मनमानी पैसा किसानों से वसूल रहे है। कोसफरा के रहने वाले किसान अरविंद कुमार ने बताया कि हम समिति पर गए तो वहां खाद नहीं थी। जिसके चलते कोरांव बाजार स्थित खाद के प्राइवेट दुकानदार रामलाल के यहां यूरिया लेने पहुंचे। उन्होंने मुझसे पहले एक बोरी यूरिया के लिए 450 रुपये मांगा फिर 400 में दिए और बोले किसी से बताना मत। इस प्रकार प्राइवेट दुकानदार किसानों का खुलेआम शोषण कर प्रशासन और शासन को सीधी चुनौती देते देखे जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




