Gangapar News: सोरांव दशहरा मैदान में जलभराव से लोग परेशान, कैसे होगा राम-रावण युद्ध
Gangapar News: सोरांव, हिन्दुस्तान संवाद। श्री रामलीला कमेटी सोरांव अपनी पुरानी यादें संजोए हुए 103 वें वर्ष
Gangapar News: श्री रामलीला कमेटी सोरांव अपनी पुरानी यादें संजोए हुए 103 वें वर्ष में प्रवेश कर गई। सोरांव के लोग दशहरा एवं रामलीला आयोजन को लेकर उत्साहित है। वहीं दशहरा मैदान में जल भराव के कारण परेशानी में आ गए हैं। कमेटी के तमाम प्रयास के बाद भी जल भराव की समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। पुलिस प्रशासन को पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है। सोरांव में रामलीला का मंचन कस्बा में चल रहा है। जबकि दशहरा पर्व प्रयागराज- प्रतापगढ़ हाईवे पर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित किया जाता है। इसी मैदान पर राम- रावण युद्ध के साथ चौकी एवं मेले का आयोजन किया जाता है।
जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग उपस्थित हो कर साक्षी बनते रहे। इस बार दशहरा मैदान में जल भराव एवं गंदगी के कारण दशहरा पर्व पर ग्रहण लगता दिखाई दे रहा है। कमेटी के संरक्षक संतोष कुमार केसरवानी, प्रबंधक सोमू अग्रवाल समेत कई लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन को शिकायती पत्र देकर एक पखवाड़ा पूर्व समाधान की मांग किया था, परन्तु इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। परेशान होकर कमेटी के पदाधिकारियों ने अपने प्रयास से जल निकासी एवं सफाई के प्रयास में लगे हैं परन्तु जल भराव अधिक होने से मैदान साफ नहीं हो पाया है। तीन दिवस बाद दशहरा मैदान पर त्योहार का आयोजन होना है। प्रशासन की बेरुखी से कमेटी के लोग परेशान हैं। सोरांव रामलीला कमेटी के पास खुद का बड़ा मैदान होने के बाद भी दशहरा का पर्व मनाते में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रामलीला कमेटी के लोगों ने प्रशासन से लोगों की आस्था एवं जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंपसेट के सहारे पानी निकलवाने एवं सफाई कराने के साथ राविश एवं मिटटी डलवाने की मांग किया है।


