Gangapar News: नाली न बनने से जलजमाव, आवागमन में दिक्कत
Gangapar News: ग्राम पंचायत करमा के किंगिरियान बस्ती में गंदा पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और निकलने की उचित व्यवस्था न होने के कारण, सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे बीमारी का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
Gangapar News: करमा, हिन्दुस्तान संवाद ग्राम पंचायत करमा के किंगिरियान बस्ती में गंदा पानी जमा होने से मुहल्ले के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि कुछ दूर तक नाली बनी है लेकिन आगे नाली का निर्माण न होने से सड़क पर जलभराव हो जाता है। सड़क के आसपास गंदा पानी जमा रहने से बीमारी का भी खतरा बना रहता है।बस्ती के लोगों ने बताया कि उपयुक्त निकास न होने से कई महीनों से यहां पानी जमा हो रहा है। बरसात में यहां और समस्या हो गई है क्योंकि बारिश का पानी इसी बस्ती से होकर तालाब में जाता है।
तालाब भर जाने के बाद यह पानी सड़क पर भरा है। लोगों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। इस विषय मे एसडीएम करछना सहित समाधान दिवस में भी लिखित शिकायत की गई। अधिकारियों द्वारा स्थानीय लेखपाल को मौके पर जाकर नाली की जमीन का निर्धारण करने का आदेश दिया गया लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में असंतोष है। प्रधान अमरीष जायसवाल ने बताया कि बस्ती में जलभराव है। संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग की एक टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही समस्या का निदान हो जाएगा।


