पंचायत भवन में घुसकर प्रधान को पीटा, गंभीर
Gangapar News - मांडा। पंचायत भवन का टूटा बिजली का तार ठीक कराने गये ग्राम प्रधान को चार

पंचायत भवन का टूटा बिजली का तार ठीक कराने गये ग्राम प्रधान को चार पांच लोगों ने गालियां देते हुए जमकर पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल ग्राम प्रधान को पुलिस मांडा सीएचसी लायी, लेकिन चोट अधिक होने के कारण मांडा सीएचसी से एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। मांडा क्षेत्र के ऊंटी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान 40 वर्षीय कैलाश नाथ सिंह सोमवार दोपहर बाद अपने पंचायत भवन के टूटे बिजली के तार ठीक कराने के लिए गये। घायल प्रधान के वायरल वीडियो के अनुसार पंचायत भवन पूर्व प्रधान के दरवाजे के पास है। वहां पहुंचते ही पूर्व प्रधान व उनके साथ के चार आरोपियों ने प्रधान को गालियां देते हुए जमकर पीटा, जिससे ग्राम प्रधान का हाथ व पैर टूट गया तथा सिर सहित पूरे शरीर में भी चोटें आयीं।
सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस घायल ग्राम प्रधान को मांडा सीएचसी ले आयी। चोटें अधिक होने के कारण सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद ग्राम प्रधान को एसआरएन रेफर किया गया। ग्राम प्रधान ने वायरल वीडियो में आरोप लगाया है कि पंचायत भवन पूर्व प्रधान के दरवाजे पर है। चार साल पहले उनका भतीजा पंचायत भवन पर गया था, तो उसे भी आरोपियों ने पीटा था। तभी से ग्राम प्रधान भी पंचायत भवन नहीं जाते थे, लेकिन बिजली न रहने से पंचायत भवन का कंप्यूटर न चलने के वजह से आज बिजली के तार ठीक कराने गये, तो उनको जमकर पीटा गया। हालांकि हिन्दुस्तान अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मामले में चौकी इंचार्ज दिघिया विक्की गुप्ता का कहना है कि घटना तो पता है, लेकिन अभी तक तहरीर नहीं मिली है। इंस्पेक्टर मांडा अनिल कुमार वर्मा का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घायल प्रधान जिला कचहरी में वकालत भी करते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


