रेलवे लाइन पार करते समय किशोर की ट्रेन से कटकर मौत
Gangapar News - कौंधियारा/करछना। थाना क्षेत्र के पचदेवरा गांव के सामने रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12

थाना क्षेत्र के पचदेवरा गांव के सामने रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र के पचदेवरा निवासी 12 वर्षीय राज यादव पुत्र रामतौल रविवार को करीब 12 बजे बाजार से सामान लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची करछना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था और गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


