शंकरगढ़ के दो किशोरों की टोंस नदी में डूबने से मौत
शंकरगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के नारीबारी चौकी अंतर्गत टोंस नदी के कोटहा घाट

थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के नारीबारी चौकी अंतर्गत टोंस नदी के कोटहा घाट पर रविवार सुबह नहाने गए शंकरगढ़ के दो किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र के भारत नगर निवासी 17 वर्षीय कुणाल मिश्रा पुत्र प्रशांत मिश्रा तथा 16 वर्षीय विशेष मिश्रा पुत्र विवेक मिश्रा अपने परिजनों के साथ टोंस नदी के कोटहा घाट (थाना चाकघाट, जिला रीवा, मध्य प्रदेश) में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले। घटना की जानकारी मिलते ही नारीबारी चौकी एवं थाना शंकरगढ़ पुलिस एवं चाकघाट पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शंकरगढ़ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


