
ट्रेन की चपेट में आने से दर्शन करने जा रही महिला की मौत
संक्षेप: Gangapar News - मांडा/ दिघिया। पति व बच्चों के साथ घर से हंसी खुशी दर्शन करने जा रही
पति व बच्चों के साथ घर से हंसी खुशी दर्शन करने जा रही महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना पर पहुंच पुलिस कर्मियों ने शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा। कोरांव थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव निवासी अमर नाथ साहनी अपनी 30 वर्षीया पत्नी संजू साहनी और तीन बच्चों के साथ बुधवार दोपहर लगभग दो बजे मांडा के गरेथा गांव स्थित बराही माता धाम बाइक से दर्शन करने पहुंचे। वे बाइक रेलमार्ग के इस पार खड़ी करके दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पार कर रहे थे। पहले तीनों बच्चों के साथ अमरनाथ साहनी ने रेलवे ट्रैक पार किया, उसके बाद संजू साहनी ट्रैक पार कर रही थीं, तभी डाउन लाइन पर एक ट्रेन आ गई।
ट्रेन की हवा से उनकी साड़ी उड़कर ट्रेन में फंस गई, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह घटना देखकर पति अमर नाथ साहनी सदमे में आकर जमीन पर गिर पड़े और बच्चे रोने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के श्रद्धालु , किसान व राहगीर मौके पर जमा हो गए। रेलवे के कीमैन शारदा प्रसाद और अन्य कर्मचारियों की सूचना पर दिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता पुलिस बल और रेलवे पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहर भेज दिया। सूचना मिलने पर संजू के पिता राधेश्याम निषाद और माता बच्ची देवी मांडा क्षेत्र के डेंगुरपुर गांव से घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। संजू को दो बेटे और एक बेटी है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




