
टूटे पोल का तार चोरी, सैकड़ों घरों में रहा अंधेरा
Gangapar News - करछना के अंतहिया ग्राम सभा में बिजली पोल की मरम्मत के दौरान चोरों ने गिरे तार को काटकर चुरा लिया। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और 10,000 से अधिक लोग रात भर अंधेरे में रहे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग...
कौंधियारा/करछना, हिंस। करछना थाना अंतर्गत अंतहिया ग्राम सभा में सोमवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब टूटे बिजली पोल की मरम्मत के दौरान गिरे तार को चोर काटकर उठा ले गए। दिन में गढ़वा कला गांव के पास 11 हजार वोल्ट का खंभा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी दौरान अंतहिया गांव के सामने तार टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना पाकर विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और टूटे खंभे को ठीक करने में जुट गए। मरम्मत का काम देर शाम तक चलता रहा, लेकिन समुचित व्यवस्था न होने से काम लंबा खिंच गया। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने टूटकर गिरे तार को काटकर गायब कर दिया।

जब कर्मचारियों ने पोल ठीक कर तार जोड़ने की कोशिश की तो देखा कि गिरा हुआ तार ही गायब है। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। तार न होने के कारण बिजली आपूर्ति रात 10 बजे तक बहाल नहीं हो सकी। नतीजतन दस हजार से अधिक आबादी रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से सुरक्षा इंतजाम कड़े करने और चोरों की तलाश की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




