बलापुर में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका
Gangapar News - करमा, हिन्दुस्तान संवाद। घूरपुर थाने की करमा चौकी क्षेत्र के बलापुर गांव में लगने वाली

घूरपुर थाने की करमा चौकी क्षेत्र के बलापुर गांव में लगने वाली मछली मंडी के पास रविवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान करने पर पता चला कि मृतक बलापुर निवासी सुरेशचंद्र भारतीया है। 49 वर्षीय सुरेश चंद्र पुत्र स्वर्गीय नंदलाल भारतीया पहले राजमिस्त्री का काम करता था। कुछ समय पहले बलापुर गांव से दक्षिण छीतूपुर तिराहे पर लगने वाली मछली मंडी में उसने पान की दुकान खोल लिया। वह रोज सुबह उठकर अपनी दुकान पर जाकर वहां की साफ सफाई करता था।
रविवार सुबह चार बजे सुरेश अपने दुकान की सफाई करने निकला तो देर तक घर वापस नहीं आया। इस बीच मंडी के पास गांव के कुछ लोगों ने सुरेश का शव देखा तो घर पर सूचना दिया। उसके परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चौकी इंचार्ज राजेश राय, एसआई विशाल चौहान व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक के नाक और मुंह से खून निकलता देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई जिसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने जांच के लिए वहां से खून, मिट्टी आदि के नमूने लिए। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सुरेश के परिवार में पत्नी, पांच बेटियां व एक बेटा है जिनमे तीन बेटियों का विवाह हो चुका है। परिवार के भरण पोषण का वही एक सहारा था जिसकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


