शंकरगढ़ में घर के सामने खेत में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
नेवरिया गांव की घटना, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज सनसनी शंकरगढ़,हिन्दुस्तान संवाद। शंकरगढ़ थाना
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नेवरिया गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नेवरिया गांव निवासी पीआरडी जवान उग्रसेन सिंह का 19 वर्षीय पुत्र विनय सिंह रविवार रात घर के बाहर सो रहा था। सोमवार सुबह परिजनों ने देखा कि विनय घर पर नहीं था। उसका शव घर के सामने स्थित खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेदव्यास मिश्रा एवं शंकरगढ़ थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। मौके पर फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान घर के बगल में युवक की चप्पल, तौलिया एवं मल पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए, जबकि डॉग स्क्वायड टीम घर से करीब 100 मीटर दूर पूर्व दिशा तक गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया है। विनय सिंह दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई अनूप सिंह भोपाल में मेडिकल की तैयारी कर रहा है। विनय प्रयागराज के एक अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन की ट्रेनिंग कर रहा था। उसकी मां मंजूला देवी अलीगढ़ जनपद के खुर्जा ब्लॉक में एएनएम पद पर कार्यरत हैं। घर पर पिता, दादा-दादी रहते हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी बारा वेद व्यास मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध है। मृतक के पिता की तहरीर पर मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई है। क्योंकि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे सिर्फ चेहरे के रंग में कुछ बदलाव है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


