Gangapar News: हाईवे और बाजारों में छुट्टा गोवंश बने जानलेवा
Gangapar News: बाबूगंज। प्रयागराज-जौनपुर राजमार्ग सहित फूलपुर कस्बे और आसपास के बाजारों में लावारिस गोवंश और सांड़
Gangapar News: प्रयागराज-जौनपुर राजमार्ग सहित फूलपुर कस्बे और आसपास के बाजारों में लावारिस गोवंश और सांड़ लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। हाईवे पर झुंड के रूप में घूम रहे गोवंश के चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सबसे अधिक बाइक सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जो अचानक सामने आ जाने वाले गोवंश से टकराकर घायल हो जाते हैं। वहीं तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से कई गोवंशों की भी मौत हो रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। कस्बे और आसपास के बाजारों में घूम रहे सांड कई बार राहगीरों पर हमला कर चुके हैं।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए बाजार में निकलना जोखिम भरा होता जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सांडों के आपस में भिड़ने से कई बार भगदड़ जैसे हालात बन जाते हैं, जिससे लोगों को जान बचाकर भागना पड़ता है और व्यापार भी प्रभावित होता है। क्षेत्र के अमित यादव, केतन कुमार, राजाराम, जय कृष्ण पांडेय आदि का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों से शिकायत की गई, लेकिन न तो आवारा गोवंशों को गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया और न ही बाजार व राजमार्ग को गोवंश मुक्त बनाने की स्थायी व्यवस्था की गई। ब्लॉक क्षेत्र में सेहुआडीह, ढकपुरा, अरवासी, कपसा, मुबारकपुर, पतुलकी, सांवडीह और कनेहटी सहित कुल आठ गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं। इन आश्रय स्थलों में वर्तमान में 882 गोवंश संरक्षित हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों और बाजारों में खुलेआम घूम रहे हैं। ऐसे में आश्रय स्थलों की क्षमता और आवारा गोवंशों को पकड़कर वहां पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विशेष अभियान चलाकर आवारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जाए तथा राजमार्गों और बाजारों को लावारिस गोवंश से मुक्त कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


