बाढ़ आपदा से निपटने के लिए किया मॉक ड्रिल
घूरपुर, हिन्दुस्तान संवाद। संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार को
संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार को घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा उपहार ग्राम पंचायत में राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, प्रयागराज द्वारा आयोजित इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मॉक एक्सरसाइज के दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया। आपदा की सूचना मिलने से लेकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा राहत सामग्री वितरण की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की निगरानी एसडीएम बारा डॉ गणेश कनौजिया ने की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं। इस दौरान कौंधियारा एसीपी अब्दुस सलाम खान, घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा सहित पुलिस बल भी पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।


