Gangapar News: शेरावाली के जयकारों से गूंजे घर-मंदिर
Gangapar News: बुढ़ियन माई मंदिर में दर्शन-पूजन को उमड़े श्रद्धालु, पुष्प, चुनरी और नारियल चढ़ाकर मांगी सुख-समृद्धि घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ, मंदिरों और पूजा
Gangapar News: जय दुर्गे खप्पर वाली, तेरा ही आसरा… जय माता दी, जय शेरावाली! शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को पूरा क्षेत्र मां भगवती की भक्ति में सराबोर रहा। घरों से लेकर देवी मंदिरों और पूजा पंडालों तक मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कहीं दुर्गा सप्तशती के पाठ से आध्यात्मिक चेतना जागृत हुई तो कहीं घंटा-घड़ियाल और आरती की गूंज के बीच भक्तों ने मां कूष्मांडा के दिव्य स्वरूप का स्मरण किया। श्रद्धा, आस्था और विश्वास के साथ भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, शांति और खुशहाली की कामना की। नवरात्र के चौथे दिन मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि मां कूष्मांडा अपनी दिव्य मुस्कान से सृष्टि में ऊर्जा और प्रकाश का संचार करती हैं। उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मकता, सुख और समृद्धि का संचार होता है। इसी आस्था के साथ सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। स्नान-ध्यान के बाद श्रद्धालुओं ने माता रानी को पुष्प, अक्षत, चुनरी, नारियल और प्रसाद अर्पित किया। दिन चढ़ने के साथ मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की आवाजाही बढ़ती गई। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने मां के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
बुढ़ियन माई मंदिर में उमड़ी आस्था
बुढ़ियन माई के दरबार में उमड़ी आस्था
मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती
नवाबगंज क्षेत्र के उठगी स्थित प्राचीन बुढ़ियन माई मंदिर में नवरात्र को लेकर विशेष उत्साह रहा। श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सजे-धजे मंदिर परिसर और भक्तिमय वातावरण में माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। भक्तों ने मां के चरणों में पुष्प, नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर सुख-शांति की प्रार्थना की। आरती के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिरस से भर गया।

