60 घंटे से अंधेरे में ग्रामीण, बिजली बहाली को लेकर बढ़ा आक्रोश
आंधी-बारिश में गिरे विद्युत पोल, कई गांवों की आपूर्ति ठप नवाबगंज। मंगलवार और बुधवार को

मंगलवार और बुधवार को आई तेज आंधी एवं बारिश ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी के दौरान कई स्थानों पर विद्युत पोल टूटकर गिर गए, जिससे बुदौना, जगदीशपुर चांधन, मंसूराबाद, नारेपार बुदौना समेत आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 60 घंटे बीत जाने के बाद भी आपूर्ति बहाल न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल संकट गहराने लगा है। मोबाइल फोन चार्ज करने, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक घरेलू कार्यों में भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उमस भरी गर्मी के बीच रातें भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील तिवारी ‘रुद्र’ ने बताया कि क्षेत्र के हजारों लोग पिछले लगभग 60 घंटे से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त लाइनों और टूटे हुए कई पोलों को बदलने का कार्य किया है, लेकिन जगदीशपुर चांधन का टूटा पोल अभी भी नहीं लगाया गया। बावजूद अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र बिजली चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें बिजली बहाली का स्पष्ट समय नहीं बताया जा रहा है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कई गांवों में पेयजल आपूर्ति भी बिजली पर निर्भर होने के कारण प्रभावित हुई है। उधर, विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि आंधी और बारिश से व्यापक नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त पोल और तारों को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शेष तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


