भीषण गर्मी से बेहाल हुए लोग, सड़कें बनी मृग मरीचिका
गौहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। इन दिनों यमुनापार इलाका भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते
इन दिनों यमुनापार इलाका भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय ऐसा लग रहा था मानो आसमान से आग बरस रही हो।
गर्मी का प्रभाव
भीषण गर्मी का असर बाजार और हाइवे की सड़कों पर साफ दिखाई दिया। दोपहर में बाजार और मुख्य मार्ग लगभग सूने नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर और चेहरा ढंककर चलने को मजबूर दिखे। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। लोगों का कहना है कि बाइक से चलते समय ऐसा महसूस हो रहा था जैसे सड़क से आग उगल रही हों। घरों की दीवारें और छतें दिनभर की तपिश के कारण रात तक गर्म बनी रहीं, जिससे लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। उल्टी, चक्कर, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। चिकित्सकों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी।
बिजली और पानी की समस्या
भीषण गर्मी का असर बिजली और पानी की व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। दिनभर कूलर, पंखे और एसी चलने से बिजली की मांग बढ़ गई है, वहीं कई गांवों में पानी की किल्लत की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं।
राहत मिलने की संभावना कम
मौसम विशेषज्ञ आकाश मिश्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। अगले 5-7 दिनों तक तापमान इसी तरह ऊंचा बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गर्म हवाओं और हवा में नमी अधिक होने से लोगों को उमस और बेचैनी भी महसूस हो सकती है।


