
कड़ाके की ठंड में स्कूल जाने वाले बच्चे ठिठुरे
Gangapar News - गौहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। शनिवार को सुबह से कड़ाके की ठंड के साथ पूरा क्षेत्र कोहरे
शनिवार को सुबह से कड़ाके की ठंड के साथ पूरा क्षेत्र कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि कोहरा जल्द छंटने से लोगों की दिनचर्या सामान्य हो गई। मौसम में आए बदलाव से देर रात से यमुनापार में कोहरे के कारण हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। दिन के उजाले में भी वाहन चालक हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर चलने को मजबूर दिखे।भीषण गलन के बीच सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चे गर्म कपड़ों में लिपटे हुए ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखे।
वहीं, मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। जो इक्का-दुक्का लोग बाहर निकले, वे पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढके हुए थे। हाईवे पर निकलने पर कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई और करीब एक किलोमीटर ही दर्ज की गई, वहीं सुबह के समय भी एक से दो किलोमीटर ही दृश्यता रही, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।इस साल की ठंड ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जिससे दैनिक कामकाज निपटाने में असुविधा हो रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और कोहरे के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम में परिवर्तन के चलते कड़ाके की ठंड के साथ पूरा इलाका पूरे दिन कोहरे के आगोश में ढंका रहा। हवा की रफ्तार कम होने के कारण 12 बजे के बाद तक कोहरा छाया रहा। मौसम वैज्ञानिक आकाश मिश्र के अनुसार दो दिन तक शीतलहर की संभावना जाहिर की गई है,आने वाले 3 दिनों तक मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है, न्यूनतम दृश्यता 0 से 20 मीटर तक रह सकती है। न्यूनतम तापमान 8 से 10 के बीच रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 15से 18 तक रह सकता है।कोहरे के चलते सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे राहगीर और प्रशासन दोनों चिंतित हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




