भाजपा सरकार में बढ़ा महिलाओं का सम्मान : रमा
सुखदेव सिंह महाविद्यालय, कसेरूआ कला में मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य अतिथि रमा सिंह ने कहा कि भाजपा...
सहसों। हिन्दुस्तान संवाद
सुखदेव सिंह महाविद्यालय, कसेरूआ कला में मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम गोलोकवासी महंत नरेंद्र गिरी की आत्मा की शांति के लिए उपस्थित महिलाओं ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा आरती अग्रवाल की अगुवाई में मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यालय प्रभारी रमा सिंह का 51 किलो की माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
रमा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। मोदी तथा योगी सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए जनधन खाता, उज्जवला योजना, कन्या सुमंगला योजना, मुफ्त बिजली कनेक्शन के लिए सौभाग्य योजना, इज्जत घर, आवास योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह को अनुदान तथा रोजगार के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाकर उनको आर्थिक रूप से समृद्धशाली बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 50 लाख महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य हासिल करना है। कार्यकम में भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्य अतिथि सहित सभी महिला कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए अधिक से अधिक महिला कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी, जिला कार्यसमिति प्रभारी कुसुम केसरवानी तथा जिलाध्यक्ष आरती अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा महिलाओं के उत्थान व विकास के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह से जुटी हुई है। जिला कार्यसमिति बैठक में कोरोना संक्रमण काल मे महिलाओं के अभूतपूर्व सेवा व कार्य के लिए 71 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवम अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रूपन त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर साधना तिवारी, रंजना परिहार, गीता पांडे, संजू शुक्ला तथा जमुनापार महिला जिला अध्यक्ष सरिता शर्मा सहित गंगा पार जिले की सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।