
मरम्मत के इंतजार में भोगवारा की सड़क
Gangapar News - वरुणा बाजार। विकास खण्ड प्रतापपुर अंतर्गत ग्रामसभा भोगवारा में भोगवारा (रतईपार) से तिवारी बस्ती तक
विकास खण्ड प्रतापपुर अंतर्गत ग्रामसभा भोगवारा में भोगवारा (रतईपार) से तिवारी बस्ती तक बनी करीब 500 मीटर लंबी सड़क ग्रामीणों के लिए अभिशाप बन चुकी है। जिला पंचायत निधि से लगभग एक दशक पूर्व बनी यह सड़क आज मरम्मतीकरण के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। बरसात के दिनों में हालात और भयावह हो जाते हैं, जब सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और हर दिन दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।
बावजूद इसके अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि ने सुध ली और न ही विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई की गई। इस गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवी सूर्या यादव तथा संतोष तिवारी (गुड्डू) ने जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रयागराज को प्रार्थनापत्र देकर सड़क के शीघ्र मरम्मतीकरण अथवा पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अब देखना यह है कि जिला पंचायत प्रशासन इस ज्वलंत समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




