
बूंदाबांदी ने नगर पंचायत की तैयारियों की खोल दी पोल, वेंडिंग जोन कीचड़ में तब्दील
Gangapar News - लालगोपालगंज में मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। वेंडिंग जोन में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बाजार कीचड़ में तब्दील हो गया, जिससे दुकानदारों का सामान भीग गया और ग्राहक आने से कतराने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर उचित इंतजाम किए गए होते तो ऐसी स्थिति नहीं होती।
लालगोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। मंगलवार को हुई हल्की बूंदाबांदी ने नगर पंचायत प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। कस्बे के वेंडिंग जोन में बिना बुनियादी सुविधाओं के लगाए गए साप्ताहिक बाजार में बारिश शुरू होते ही अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में पूरा वेंडिंग जोन कीचड़ में तब्दील हो गया, जिससे दुकानदारों का सामान भीग गया और ग्राहक बाजार में आने से कतराने लगे। साप्ताहिक बाजार होने के कारण वेंडिंग जोन में दुकानों की भरमार थी और बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद थे। बूंदाबांदी शुरू होते ही जल निकासी और पक्की फर्श की व्यवस्था न होने से स्थिति बिगड़ गई।
कीचड़ और गंदगी के चलते सब्जी व फल विक्रेताओं का सामान खराब हुआ, वहीं कई दुकानदारों को मजबूरन दुकान समेटनी पड़ा। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत ने बिना किसी सुविधा न पक्की जमीन, न शेड, न जल निकासी के उन्हें वेंडिंग जोन में स्थापित कर दिया है। हल्की बारिश में ही बाजार कीचड़ में बदल जाना प्रशासनिक लापरवाही का साफ सबूत है। इससे न सिर्फ दुकानदारों का आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुख्ता इंतजाम किए जाते तो यह स्थिति नहीं बनती। अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत इस अव्यवस्था से सबक लेगी या अगली बारिश में फिर ऐसे ही हालात देखने को मिलेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




