Gangapar News: जर्जर मकान बारिश में ढहा, सामान मलबे में दबा
हिन्दुस्तान, गंगापार
Gangapar News: बगई गांव के किसान कृष्ण कुमार प्रजापति का पुराना कच्चा मकान बारिश के कारण ढह गया। हादसे के समय घर में कोई नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ। मकान गिरने से सामान नष्ट हो गया और एक दीवार गांव के व्यक्ति की कार पर गिर गई। प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की गई है।

Gangapar News: झमाझम बारिश के बीच बगई गांव निवासी किसान कृष्ण कुमार प्रजापति का वर्षों पुराना कच्चा मकान मंगलवार सुबह अचानक भरभराकर ढह गया। मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। हादसे के समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से उसमें रखा सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, मकान की एक दीवार बाहर खड़ी गांव के ही एक व्यक्ति की कार पर जा गिरी, जिससे कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने फूलपुर तहसील के कर्मचारियों को दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मंगलवार शाम तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचा।
पीड़ित किसान ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


