Gangapar News: जल निकासी की समस्या पर फूटा गुस्सा, चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी

हिन्दुस्तान, गंगापार
share

Gangapar News: वार्ड नंबर दो के लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय का किया घेराव, एसडीएम व डीएम के नाम सौंपा ज्ञापन। बच्चों की पढ़ाई से लेकर पशुपालन तक प्रभावित, समाधान

Gangapar News: जल निकासी की समस्या पर फूटा गुस्सा, चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी

Gangapar News: नगर पंचायत हंडिया के वार्ड नंबर दो में वर्षों से बनी जल निकासी की समस्या को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी हंडिया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर जल निकासी की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद आक्रोशित लोगों ने नगर पंचायत हंडिया कार्यालय का घेराव कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने "चेयरमैन हंडिया मुर्दाबाद" और "हंडिया विधायक मुर्दाबाद" के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वार्ड में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

जलभराव से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कई परिवारों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जल निकासी नहीं होने से पशुपालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और गंदगी के बीच पशुओं को लाने-ले जाने तथा चारा-पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या की शिकायत किए जाने के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

जिम्मेदारों पर लगाया अनदेखी का आरोप।

प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत के जिम्मेदारों पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हर बार जलभराव होने पर अस्थायी इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती। इससे बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वे अपने बच्चों, पशुओं और परिवार के साथ व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की।

पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा

अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत हंडिया ने बताया कि जलभराव की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पंप लगाकर पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

सामान्य प्रश्न

✦जिलाधिकारी को ज्ञापन किस समस्या के सिलसिले में सौंपा गया?−
ज्ञापन जल निकासी की समस्या के सिलसिले में सौंपा गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsगंगापारGangapar News: जल निकासी की समस्या पर फूटा गुस्सा, चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी