Gangapar News: तीन दिन बाद सावन, व्यवस्थाएं कराएं दुरुस्त
Gangapar News: प्रयागराज में सावन माह के दौरान सुजावन देव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सुरक्षा और सुविधा से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बाढ़ में क्षतिग्रस्त सीढ़ियों और बिजली की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
Gangapar News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। सावन माह में सुजावन देव मंदिर पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत राजीव गिरि ने पिछले दिनों डीएम मनीष कुमार वर्मा से मिलकर कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद डीएम ने निर्देश दिया तो सोमवार को अफसरों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पिछले वर्ष आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई सीढ़ियों की रेलिंग को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर की अन्य व्यवस्थाओं को भी समय रहते ठीक करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सावन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस, बिजली विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है। भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम बारा शिखा शंखवार और एसीपी कौड़िहार अब्दुल सलाम खान ने ग्राम पंचायत देवरिया के सचिवालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद अधिकारियों ने सभी विभागों को लापरवाही न बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस मौके पर घूरपुर थाना प्रभारी, ग्राम पंचायत देवरिया के सचिव मनोज कुमार, एडीओ पंचायत जसरा, मुख्य पुजारी ज्ञानेंद्र गोस्वामी सहित प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।


