पीएम श्री विद्यालयों के बच्चों का इफको में एक्सपोजर विजिट
Gangapar News - मृदा परीक्षण, जैव उर्वरक, नीम आयल प्लांट व बागवानी विभाग की तकनीकी जानकारी लेकर लौटे
पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय से 20-20 बच्चों की टोली ने मोतीलाल नेहरू फार्मर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का एक्सपोजर विजिट किया। इस दौरान छात्रों ने मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, जैव उर्वरक संयंत्र, नीम आयल प्लांट सहित बागवानी व उद्यान विभाग से जुड़ी उपयोगी जानकारियां हासिल कीं। भ्रमण के दौरान संस्थान के मुकेश तिवारी एवं राघवेंद्र शुक्ला ने बच्चों को वैज्ञानिक ढंग से खेती, मिट्टी की गुणवत्ता की पहचान, जैविक कृषि में उर्वरकों की भूमिका और नीम आधारित उत्पादों के लाभों की सरल भाषा में जानकारी दी। इससे विद्यार्थियों में कृषि, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार के प्रति रुचि बढ़ी।
ब्लॉक संसाधन केंद्र प्रतापपुर के खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, पीएम श्री विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजीत प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षा जब अनुभव और प्रयोग से जुड़ती है तब विद्यार्थियों की दृष्टि व्यापक होती है। भ्रमण पर गए विद्यार्थियों में अंजली गौड़, सौरभ विश्वकर्मा, शुभम, वरिष्ठ व एकता सहित अन्य बच्चों ने इसे ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित नहीं रहती बल्कि वास्तविक जीवन से जुड़कर सीखने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर सहायक अध्यापक ममता राय, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री दिलीप कुमार यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री अतीक अहमद, पीएम श्री भेलखा की प्रधानाध्यापिका रश्मि पांडेय, सहायक अध्यापक हरिश्चंद्र सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


