Gangapar News: नालों में कूड़े का अंबार, सफाई के अभाव में जलभराव का खतरा
Gangapar News: लालगोपालगंज। नगर पंचायत लालगोपालगंज में मानसून की शुरुआत के साथ ही नालों और नालियों की
Gangapar News: नगर पंचायत लालगोपालगंज में मानसून की शुरुआत के साथ ही नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कस्बे के कई प्रमुख नाले और उनसे जुड़ी नालियां कूड़े-कचरे, प्लास्टिक, पॉलीथिन, बोतलों और गाद से पट गई हैं। सफाई न होने से नालों में गंदा पानी ठहर गया है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और बारिश के दौरान जलनिकासी बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। कस्बे के बरौंधा मार्ग स्थित बड़े नाले एवं उससे जुड़ी नालियां, हनुमान चौराहा से मुनव्वर अली का पुरा मोड़ तक का नाला तथा काली मंदिर रोड से राजपूत ऑटोमोबाइल तक बनी नालियों में लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है।
नालियों में जमा कूड़े के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून की पहली ही बारिश में कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो गई थीं और गंदा पानी सड़क पर फैल गया था। यदि लगातार बारिश हुई और समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई गई तो जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को परेशानी के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बढ़ सकता है। कस्बावासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल नालों और नालियों की व्यापक सफाई कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


