मौत मान बैठे थे घरवाले, एक हफ्ते बाद जिंदा लौटी चार साल की मासूम

Newswrap हिन्दुस्तान, गंगापार
share

Gangapar News - मऊआइमा। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चार वर्षीय मासूम अलिस्बा को घरवालों ने

मौत मान बैठे थे घरवाले, एक हफ्ते बाद जिंदा लौटी चार साल की मासूम

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चार वर्षीय मासूम अलिस्बा को घरवालों ने मृत समझ लिया था। गांव में मौत की खबर फैल गई, पुलिस में तहरीर तक दे दी गई, लेकिन डॉक्टरों के इलाज और दुआओं के बाद बच्ची एक सप्ताह बाद स्वस्थ होकर घर लौट आई। अब गांव में इस चमत्कारिक घटना की खूब चर्चा हो रही है। मऊआइमा के चकश्याम गांव में सड़क के दूसरी ओर गन्ने का जूस बेचने वाला ठेला आया था। कुछ बच्चे जूस लेने पहुंचे तो पीछे से चार वर्षीय अलिस्बा पुत्री मोहम्मद आफताब भी दौड़ पड़ी। सड़क से गुजर रही तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके नाक-मुंह से खून बहने लगा। वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ी।घटना के बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन रास्ते में उसकी सांसें इतनी धीमी हो गईं कि घरवालों ने उसे मृत समझ लिया। गांव में बच्ची की मौत की खबर फैल गई। अलिस्बा के दादा रईस अहमद ने थाने पहुंचकर हादसे की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गई। उधर, परिजन तसल्ली के लिए बच्ची को शहर के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए भर्ती करने से इंकार कर दिया। इसके बाद परिजन उसे प्रयागराज के पार्वती अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची की सांसें चल रही हैं। उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। तीन दिन बाद बच्ची की हालत में सुधार होने लगा और एक सप्ताह बाद वह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आई। बच्ची के घर पहुंचते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दुआएं व आशीर्वाद दिया।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।