आग से टॉयलेट टैंक और केबिन समेत लाखों का सामान राख
Gangapar News - नवाबगंज के बिछिया गांव में बलवंत यादव के हाते में भोर में भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे 100 टॉयलेट टैंक, 240 केबिन और 30 शीट जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नवाबगंज, हिन्दुस्तान संवाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के बिछिया गांव में मंगलवार भोर में उस समय हड़कंप मच गया जब बलवंत यादव के हाते में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां रखा भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने तत्काल बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में करीब 100 टॉयलेट टैंक, 240 केबिन, 30 शीट पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
इसके अलावा पास में खड़ी करीब 10 बिस्वा सरसों की फसल भी आग की चपेट में आकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया गया कि कुम्भ और माघ मेला में शौचालय की व्यवस्था देने वाले ठेकेदार ने यहां गोदाम बना रखा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



