गंगा घाटों पर दूसरे दिन भी स्नान, दान करने वालों की भीड़
Gangapar News - मांडा। मांडा क्षेत्र के सभी गंगा तटों पर मकरसंक्रांति स्नान के लिए गुरुवार को भोर
मांडा क्षेत्र के सभी गंगा तटों पर मकरसंक्रांति स्नान के लिए गुरुवार को भोर से ही भक्तों की काफी भीड़ रही। विभिन्न गांवों के गंगा तटों पर मकरसंक्रांति को लेकर मेला जैसा लगा रहा। दूसरे दिन भी स्नान दान करने वालों की गंगा तटों पर काफी भीड़ रही। इस बार मकरसंक्रांति पर द्विविधा के बावजूद 14 जनवरी को ही पारंपरिक रुप से मकरसंक्रांति मानने वाले लोगों ने बुधवार को ही गंगा स्नान कर पुण्य की डुबकी के साथ दान पुण्य भी किया था, लेकिन गुरुवार को भी सरकारी और धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने और दान पुण्य करने के लिए क्षेत्र के सभी गांवों के गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही ।
इस अवसर पर मांडा क्षेत्र के महेवॉ कला, बामपुर, बादपुर, डेंगुरपुर, नरवर चौकठा, अछोला , जेरा आदि गांवों के गंगा तटों पर गुरुवार को भोर से ही लोग हर हर गंगे करते रहे। पुण्य की डुबकी के साथ गंगा तटों पर तमाम भक्तों ने दान पुण्य भी किया। कुछ भक्तों का कहना है कि दो दिन मकरसंक्रांति है, ये तो और भी अच्छी बात है। लोगों को दो दिन तक गंगा स्नान और दान का मौका मिला। दो दिनों तक मकरसंक्रांति मानकर गंगास्नान और दान पुण्य करने वालों की गंगा तटों पर काफी भीड़ रही । जो लोग किंही कारणों से प्रयागराज तक मकरसंक्रांति पर स्नान दान हेतु नहीं जा पाते, वे स्थानीय गंगा तटों पर ही पुण्य की डुबकी लगाकर दान पुण्य करते हैं। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से तमाम भक्त मकरसंक्रांति पर विंध्याचल जाकर वहाँ गंगा स्नान के बाद पूजन अर्चन करते हैं। स्थानीय गंगा घाटों पर पंडों पुजारियों और मालाफूल बेचने वालों की भी दो दिन मकरसंक्रांति के चलते अच्छी कमाई हुई। एहतियातन पुलिस कर्मी भी क्षेत्र के गंगा तटों पर सक्रिय रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




