माघ मेला के चलते कार्यालयों में सन्नाटा, फरियादी परेशान
Gangapar News - प्रयागराज माघ मेला के चलते मांडा विकास खंड कार्यालय के बीडीओ और एडीओ पंचायत सहित कई कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। इस कारण 69 ग्राम पंचायतों का विकास कार्य ठप है। दूर-दराज से आए फरियादी बिना काम लौट रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर ध्यान देने की अपील की है।

मांडा, हिन्दुस्तान संवाद। माघ मेला के चलते मांडा क्षेत्र के विकास खंड कार्यालय के बीडीओ और एडीओ पंचायत समिति कई प्रमुख कर्मचारियों की इन दिनों प्रयागराज माघ मेले में ड्यूटी है। बीडीओ और एडीओ पंचायत के अभाव में ज्यादातर सचिव व अन्य ब्लॉक कर्मचारी भी मेला ड्यूटी का बहाना बताकर ब्लॉक से गायब रहते हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों के अभाव में मांडा विकास खंड के 69 ग्राम पंचायतों का विकास कार्य अवरुद्ध जैसा है। दूर दराज के गांवों से तमाम फरियादी अपनी समस्या लेकर विकास खंड कार्यालय आते हैं, लेकिन काम न हो पाने के कारण बैरंग वापस लौट जाते हैं।
ब्लॉक के अलावा पशु चिकित्सालय मांडा के चिकित्साधिकारी की भी प्रयागराज माघ मेला में प्रायः ड्यूटी रहती है। इसी तरह सीएचसी मांडा के कई कर्मचारियों की भी प्रयागराज मेला में ड्यूटी है। बीआरसी में प्रयागराज माघ मेला के चलते अक्सर ताला बंद रहता है। थाने के भी अधिकतर पुलिस कर्मी प्रयागराज माघ मेला ड्यूटी में ही हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों के अभाव में दूर दराज से आये फरियादियों और पीड़ितों को बैरंग वापस लौटना पड़ता है। तमाम क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांडा के कार्यालयों पर भी ध्यान देने की मांग की है, क्योंकि अधिकतर कर्मचारी प्रयागराज मेला में ड्यूटी न होने पर भी मांडा के कार्यालयों से यह बहाना बताकर गायब रहते हैं कि उनकी ड्यूटी प्रयागराज माघ मेले में है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



