फूलपुर स्टेशन को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने पर ज़ोर
Gangapar News - उत्तर रेलवे के सीपीडी ने किया निरीक्षण, मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
उत्तर रेलवे के चीफ प्रोजेक्ट डायरेक्टर (स्टेशन डेवलपमेंट) एस.के. श्रीवास्तव ने शुक्रवार को फूलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिदिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, शौचालय, रेलवे कॉलोनी तथा दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए टेकटाइल पाथ की समीक्षा की गई। सीपीडी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेशन का विकास दिव्यांगजनों के अनुकूल मानकों के अनुरूप हो और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए 3 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज पर दोनों प्लेटफॉर्म की ओर लिफ्ट बनाई जाएगी।
स्टेशन विकास से जुड़े सभी कार्यों को मार्च, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नई स्टेशन बिल्डिंग तैयार, सर्कुलेशन एरिया अंतिम चरण में रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन की नई बिल्डिंग सभी आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ बनकर तैयार हो चुकी है। सर्कुलेशन एरिया का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि शेष फिनिशिंग का काम प्रगति पर है। स्टेशन परिसर में स्टील बेंच, दिव्यांग पार्किंग और टेकटाइल पाथ का कार्य मानकों के अनुसार पूरा किया जा चुका है। फूलपुर स्टेशन पर उत्तर रेलवे में पहली बार स्टील टेकटाइल का प्रयोग किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने रखीं प्रमुख मांगें निरीक्षण के दौरान सीपीडी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया। नगर प्रमुख अमरनाथ यादव ने प्लेटफॉर्म नंबर चार से फुट ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन के आसपास जलभराव वाले स्थानों पर पार्क विकसित करने, दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के ठहराव तथा जर्जर रेलवे कॉलोनी के स्थान पर नई कॉलोनी बनाने की मांग रखी। सीपीडी ने इन मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्टेशन मास्टर राम यादव सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



