बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए खंगाली व्यवस्था
Gangapar News - शंकरगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अधिकारियों द्वारा शनिवार को सामुदायिक

उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अधिकारियों द्वारा शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ सहित क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटपुरा लालापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारीबारी एवं महिला चिकित्सालय अमिलिया तरहार का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य इन स्वास्थ्य इकाइयों की वर्तमान संरचनात्मक स्थिति का आकलन करना तथा भविष्य में रोगियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नवीनीकरण की संभावनाओं को सुनिश्चित करना रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ के अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि पूर्व में मुख्य चिकित्साधिकारी प्रयागराज डॉ. एके तिवारी के माध्यम से जनपद की चिन्हित स्वास्थ्य इकाइयों, विशेषकर शंकरगढ़ क्षेत्र की संस्थाओं के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण हेतु प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा गया था।
बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी प्रयागराज के माध्यम से शंकरगढ़ सहित राष्ट्रीय एवं प्रांतीय राजमार्गों पर स्थित जनपद की स्वास्थ्य इकाइयों में विशिष्ट आपातकालीन ट्रामा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के संबंध में शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया है। निरीक्षण एवं प्रस्तावित नवीनीकरण की इस कार्यवाही से स्थानीय जनमानस में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। लोगों ने प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ के अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह एवं मुख्य चिकित्साधिकारी प्रयागराज के प्रति आभार व्यक्त किया है।निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह ,आशुतोष वर्मा (आर्किटेक्ट) एवं एस.पी. श्रीवास्तव मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


