दो फीट कद वाले युवक के 94 दांत, सभी हैरान
संक्षेप: Gangapar News - कौंधियारा/करछना, हिसं। हर इंसान के मुंह में जहां सामान्यत: 32 दांत होते हैं, वहीं करछना
हर इंसान के मुंह में जहां सामान्यत: 32 दांत होते हैं, वहीं करछना क्षेत्र के गधियाव गांव में रहने वाले 25 वर्षीय गणेश पटेल के मुंह में कुल 94 दांत पाए गए हैं। गणेश के मुंह के अंदर तीन परतों में दांतों की यह संरचना डॉक्टरों के लिए भी किसी रहस्य से कम नहीं है। गणेश का कद मात्र दो फीट है और शरीर का ढांचा हाथ, पैर व मुंह सहित सामान्य से बिल्कुल अलग है। गणेश के पिता बुलबुल पटेल और मां गायत्री देवी उसकी सेवा में दिन-रात लगे रहते हैं। गणेश ठीक से बोल नहीं पाता और उसे ऑटिज्म व बौद्धिक अक्षमता की समस्या है।

प्रशासन ने उसका विकलांग प्रमाणपत्र तो बना दिया है, लेकिन अब तक किसी सरकारी सहायता या सुविधा का लाभ उसे नहीं मिल सका है। परिवार की परेशानी तब और बढ़ गई जब गणेश के फिंगरप्रिंट न लग पाने के कारण उसका नाम राशन कार्ड से भी कट गया। गरीबी और असहायता के बीच गायत्री देवी अपने बेटे की देखभाल में जुटी रहती हैं। वहीं, गणेश को देखने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज़ के क्षेत्रों से लोग आते हैं। कोई उसे मिष्ठान चढ़ाता है, तो कोई पैसे का चढ़ावा देता है। लोगों के लिए वह एक रहस्य और चमत्कार जैसा बन गया है, पर परिवार के लिए वह अब भी एक संघर्ष की कहानी है, जहां विकलांगता के बीच मातृत्व की ममता, विज्ञान और विश्वास से कहीं अधिक गहरी दिखाई देती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




