
ठंड संग अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी
Gangapar News - मांडा क्षेत्र में बारिश और मच्छरों के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। मांडा सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या 150 से बढ़कर 400 हो गई है। सीएचसी अधीक्षक ने लोगों से मौसम के अनुसार कपड़े पहनने और ठंडा पानी पीने से बचने की अपील की है।
मांडा, हिन्दुस्तान संवाद। बरसात व गांवों में मच्छरों की भरमार के चलते समूचे मांडा क्षेत्र में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। मांडा सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या जहां पहले औसत डेढ़ सौ होती थी, वहीं अब चार सौ मरीजों से ऊपर पहुंच रही है। मंगलवार को मांडा सीएचसी के तीन ओपीडी में कुल 367 मरीज देखे गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि ज्यादातर मरीज बुखार, सर्दी व खांसी से संबंधित आ रहे हैं। प्लेटलेट्स की कमी के भी दो तीन मरीज आ रहे हैं, जिन्हें इलाज के साथ उचित परामर्श दिया जाता है।

उन्होंने बदलते मौसम में लोगों से अपील की है कि फुल शर्ट और हल्के ऊनी कपड़े तथा जूते, मोजे पहनने शुरू कर दें, ताकि ठंड और मच्छरों से बच सकें। यह भी अपील की कि अब फ्रीज का ठंडा पानी पीना बंद कर दें। औसत चार से पांच मरीज प्रतिदिन कुत्ते से घायल होकर सीएचसी रैबीज इंजेक्शन व इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। बंदर के काटने से एक दो मरीज सीएचसी आ रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




