
करंट से दो नीलगायों की मौत, ग्रामीण घायल
Gangapar News - कौंधियारा/करछना, हिसं। करछना थाना क्षेत्र के महेवा गांव में खेत के चारों ओर अवैध रूप
करछना थाना क्षेत्र के महेवा गांव में खेत के चारों ओर अवैध रूप से दौड़ाए गए बिजली तार की चपेट में आने से दो जंगली नीलगायों की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए तीन लोगों पर खेत में करंट प्रवाहित कर अवैध घेराबंदी करने का आरोप लगाया है। करछना थाना के भीरपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत महेवा गांव में गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। खेत की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से करंट प्रवाहित किए गए बिजली तार की चपेट में आने से दो बेजुबान जंगली जानवर नीलगायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण घायल होकर गिर पड़ा।

महेवा निवासी सर्वेश यादव पुत्र राजमणि यादव ने करछना थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के ही तीन लोगों द्वारा अपने खेतों के चारों ओर बांस बल्ली गाड़कर अवैध रूप से बिजली का तार दौड़ाया गया था। गुरुवार देर शाम सर्वेश यादव किसी काम से खेत की ओर गए, लेकिन उन्हें तार में करंट प्रवाहित होने की जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने तार को पकड़ लिया, वे जोरदार झटके की चपेट में आकर घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, करंट की वजह से दो जंगली नीलगायों की भी मौत हो गई। पीड़ित ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


