200 वर्ष पुराने शिवालय के सौंदर्यीकरण को एक करोड़ स्वीकृत

200 वर्ष पुराने शिवालय के सौंदर्यीकरण को एक करोड़ स्वीकृत

संक्षेप:

Gangapar News - घीनपुर के 200 वर्ष पुराने शिवालय और तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये की योजना को सरकार से मंजूरी मिल गई है। यह मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए आस्था का केंद्र है। स्थानीय लोग इसकी लंबे समय से मांग कर रहे थे। सौंदर्यीकरण से धार्मिक स्थल को नया स्वरूप मिलेगा।

Dec 10, 2025 04:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गंगापार
share

तिलई बाजार/मऊआइमा। घीनपुर के 200 वर्ष पुराने ऐतिहासिक शिवालय और उससे लगे तालाब के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद को एक करोड़ रुपये की योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है, जिससे क्षेत्र के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल को नया स्वरूप मिलेगा। शिवभक्त और स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। मऊआइमा विकास खंड की ग्राम पंचायत घीनपुर के मजरा मोहम्मदपुर में तेली तालाब के पास स्थित यह शिव मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर की नींव लगभग 200 वर्ष पूर्व परमेश्वर तेली ने रखी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मंदिर परिसर के पास ही एक जर्जर धर्मशाला है, जिसका निर्माण मखदूम साहू द्वारा कराया गया है। इसके अलावा तालाब, कुआं और कई छोटे-छोटे मंदिर भी परिसर में मौजूद हैं। वर्तमान में मंदिर की देखरेख मोहम्मदपुर निवासी पुजारी लालजी दुबे के जिम्मे है। परमेश्वर तेली के चौथी और पांचवीं पीढ़ी के वंशज आज भी यहां निवास करते हैं। यह परिसर लगभग चार बीघे क्षेत्र में फैला है, जहां वर्ष 1982 से रामलीला का मंचन भी होता आ रहा है। शिवरात्र और बुढ़वा मंगल पर यहां बड़े मेले लगते हैं, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। कुछ स्थानों पर अवैध निर्माण और उसे खाली कराने की भी चर्चा स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।